Tuesday, July 7, 2020

आम आदमी और सिनेमा




जब भी आम आदमी का ज़िक्र होता है, तो एक जीवन से हारे , संघर्षों से झूझते, जैसे तैसे ज़िंदगी गुज़ारते, समय के साथ समझौता करते इंसान का स्वरूप ही मस्तिष्क में उभरता है । एक ऐसा इंसान जो हर जगह भीड़ के पीछे दिखाई देता है, जीवन में कुछ ठोस न कर पाने की घुटन को लिए। और यह आम आदमी उम्र के हर पड़ाव पर पाया जाता है। कभी बच्चा बनकर , समृद्ध बच्चों के ऐशोआराम को दूर से निहारता हुआ, कभी युवा बनकर कुछ न हासिल कर पाने की कसमाहट से उफनता हुआ।
ऐसे में वह निकास ढूँढता है। वास्तविकता से कुछ समय के लिए पलायन करना चाहता है । और ऐसे में सिनेमा एक ऐसा विकल्प बनकर उभरता है , जो कुछ समय के लिए ही सही , उसे उस सच से दूर ले जाता है जो दुखदायी है, अवसादपूर्ण है। ऐसे में वह ढूँढता है चैन , खुशी , खूबसूरती के कुछ खुशनुमा पल जहाँ जीवन की विसंगतियाँ , दुख दर्द उसे याद न आए। और वह जाकर छिप जाता सिनेमा घरों के अंधेरे में , जहाँ सिमला, कश्मीर, स्विट्ज़रलैंड की खूबसूरत वादियों में वह कुछ समय के लिए गुम होकर, खूबसूरत नायिकाओं की अदाओं में खो, नायक की जगह स्वयं को देखता है।
निर्माता निर्देशकों ने सदा आम आदमी पर कड़ी नज़र रखी, उसकी नब्ज़ को टटोला, क्योंकि फिल्म को हिट या फ्लॉप करने का दारोमदार सदा से ही उसपर रहा है, चाहे वह कोई भी दौर रहा हो। आज से दस दशक पहले जब दादा साहेब फालके ने हिन्दी सिनेमा की पहली मूक फिल्म राजा हरिश्चंद्र बनाई तब उन्हे इसका अंदाज़ भी नहीं होगा कि उन्होने मनोरंजन के क्षेत्र में क्रांति का वह बीज बो दिया था, जो सिनेमा की दुनिया में एक विशाल वटवृक्ष बन जाएगा , जिसकी शाखाएँ कई प्रान्तों और शहरों में क्षेत्रीय और प्रांतीय सिनेमा उद्योग की शक्ल में उग आयेंगी। पर शुरू में यह सबके लिए एक अजूबा था। हर आदमी भौंचक्का था , कि क्या यह भी मुमकिन है।  फिर मूक फिल्में बोलने लगीं। श्वेत श्याम की जगह रंगीन फिल्मों ने ले ली। इस तरह धीरे धीरे सिनेमा जीवन का हिस्सा बन गया। निर्माताओं ने तभी से आम आदमी की नब्ज़ टटोलनी शुरू कर दी थी । उसीकी पसंद को टटोलते हुए, पहले धार्मिक फिल्में बनी फिर ऐतिहासिक, फिर सामाजिक। फिर आया सॉफ्ट रोमांटिक फिल्म का दौर , जो काफी समय तक चला। आम आदमी उसी काल्पनिक दुनिया में जीता रहा।
कुछ समय बाद वह उस सबसे भी ऊब गया। जल्दी ही उसे एहसास हो गया कि जीवन सिर्फ पेड़ों के इर्द गिर्द घूमना नहीं । अब उसे कुछ नया चाहिए था। कुछ ऐसा जो सच के करीब हो। मृणाल सेन , बिमल रॉय,  सत्यजित राय, ऋत्विक घटक, ने आम आदमी को केंद्र में रखकर फिल्में बनायीं, मृगया, दो बीघा ज़मीन, पाथेर पांचाली, इत्यादि। पर वह फिल्में आम आदमी को बिलकुल नहीं लुभा सकी। अलबत्ता वह फिल्में अंतर राष्ट्रीय फिल्म समारोहों में खूब सराही गईं। दो बीघा ज़मीन तो कान्स फिल्म समारोह में पुरस्कृत भी हुई। एक किसान के जीवन पर बनी यह फिल्म आज भी उतनी ही सामयिक है ।वी शांताराम की दो आँखें बारह हाथ, तीसरी कसम, जागते रहो, नदिया के पार, सत्यजित राय की पाथेर पांचाली, इन सारे कथानकों के मध्यस्थ आम आदमी ही था। इसी लीक की फिल्मों में थोड़ीसी तबदीली लाकर बसु चैटर्जी, बसु भट्टाचार्य ने, ऋषिकेश मुखर्जी जैसे फिल्म कारों ने आम आदमी के जीवन के हल्के फुल्के पहलुओं पर फिल्में बनायीं, अंगूर, बावर्ची, चुपके चुपके, रजनीगंधा। यह फिल्में लोगों  ने खूब सराहीं। पर बॉक्स ऑफिस पर उतना प्रभावपूर्ण प्रदर्शन नहीं रहा।
सत्तर के ही दशक में बनी भूमिका सारांश , अंकुर मंथन भले ही बॉक्स ऑफिस पर अपना जलवा नहीं दिखा सकीं पर सिने प्रेमी आज भी उन फिल्मों को याद करते हैं। यह सभी आम आदमी की कहानियाँ थीं। सारांश में एक बुजुर्ग दंपति, की जो अपने मृत बेटे की अस्थियाँ पाने के लिए लाल फीताशाही के शिकंजे में जकड़े किस कदर त्रस्त होते हैं, अंकुर में जमींदारों द्वारा नौकरों पर होने वाले अत्याचार की कहानी है। इन सभी कहानियों के बीच आम आदमी, जब ऐसी फिल्में देखता है, तो कहीं उसे वे अपने से जुड़ी लगतीं हैं। लाल फीताशाही, सत्ता और प्रशासन के अत्याचार, भ्रष्टाचार, के विरुद्ध जब वह असहाय हो जाता है, जब लड़ने की शक्ति खो देता है, तब एक घुटन, एक आक्रोश भीतर पालने लगता है तब गंगाजल, अपहरण, घातक, जैसी फिल्में उसकी हिम्मत बढ़ाती हैं, भीतर दबा आक्रोश निकास पाता है, और रजनीकान्त सलमान खान अजय देवगन, सनी देओल, जैसे  पर्दे के नायक असल ज़िंदगी में उसके आदर्श बन जाते हैं।
हिंसा से आजिज़ हो जाने के बाद फिल्मों का ट्रेंड फिर बदला। फिर एक नई धारा का उद्गम हुआ। वह जिसमें व्यावसायिक सिनेमा का गैर ज़रूरी लटके झटके नहीं थी, और न ही सार्थक फिल्मों की उबाऊ खींचातानी। बल्कि सार्थक फिल्मों की कलात्मकता और व्यावसायिक फिल्मों की गंभीरता ने उन्हे बहुत खास बना दिया। तारे ज़मीन पर, रंग दे बसंती, मुन्नाभाइ जैसी फिल्में एक खास मकसद को लेकर चलीं, विषय उनका भी आम आदमी ही था , उसकी समस्याएँ ही थीं। तारे ज़मीन पर डिसलेक्सिक बच्चों पर एक गंभीर फिल्म थी , पर उसके ट्रीटमंट ने उसे खास बना दिया, कहीं किसी पल वह उबाऊ नहीं लगी। इन फिल्मों को लोगों ने हाथों हाथ लिया और बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्मों ने नए कीर्तिमान स्थापित किए ।  
स्त्री प्रधान फिल्में भी इसी दौरान बननी शुरू हुईं। स्त्री जिसे हमेशा ही एक दोयम दर्जा दिया गया , जिसकी समस्याओं को हमेश अनदेखा किया गया , जिसकी मुश्किलों को हमेशा हाशिये पर रखा गया , आज फिल्मों के माध्यम से उन समस्याओं पर भी रोशनी डाली जा रही है । मधुर भंडारकर जैसे निर्माताओं ने औरतों कि समस्याओं को समझा , और चाँदनी बार में तबू, पेज थ्री में कोंकणा सेन, फ़ैशन में प्रियंका चोपड़ा, और कॉर्पोरेट में बिपाशा बसु को लेकर नायिका प्रधान फिल्में बनायीं। चौंका देने वाले तथ्य सामने आए , जो शायद उस महकमे मे कार्यरत लोगों के अलावा कोई नहीं जानता था । एक बार फिर इन सच्चाईयों को जानकर लोग चौंके। कई गंभीर  विषयाओं पर फिल्में बनी , कास्टिंग काउच जैसे घिनौने सच पर बनी फिल्म दी डरटी पिक्चर को लोगों ने हाथों हाथ लिया। एक बोल्ड विषय पर बनी फिल्म , आज के आम आदमी ने समझी और स्वीकार की ।   
आम आदमी अब जागरूक हुआ है। उसने कदम कदम पर परिस्थितियों के अनुकूल अपनी पसंद दर्ज की है। आज भी फिल्म निर्माता,निर्देशक , आम आदमी की नब्ज़ टटोलते हैं । उन्हे जो पसंद है वही परोसा जाता है , पुरानी शराब नई बोतलों में अलग अलग लेबेल्स लगाकर , बेची जाती है । आज आम आदमी तै करता है , कि उसे कौनसी फिल्म हिट होगी, और कौनसी एक सिरे से नकार दी जाएगी।
लेकिन यह बात भी अपने जगह सच है, की फिल्म उद्योग ने सदा उसकी भावनाओं का शोषण किया है, उसकी नुमाइश कर, एक भीमकाय व्यवसाय  खड़ा किया है, और जहाँ तक आम आदमी का प्रश्न है, उसकी स्तिथि में आज भी कोई विशेष सुधार नहीं आया है । यह क्रम यूहीं ही चलता रहेगा और आम आदमी और सिनेमा एक दूसरे की ज़रूरत बने रहेंगे।

सरस दरबारी   

  


Monday, July 6, 2020

किरचें



बंद करो दौड़ना उस रेस में
जिसके लिए तुम
नही बनी
तुमने फ़र्ज़ों को अंजाम दिया
बखूबी निबटाया
बच्चों को पाला
सही संस्कार दिए
सफल मुकाम तक पहुँचाया
अब छोड़ो यह सब
लिखना पढ़ना
तुम्हारे बस का यह
हुनर नही
नही हो तुम इस दुनिया की
इस जग के लिए नही बनी

बनके लौंदा
अपमान
कंठ में रुक जाता
पीड़ा बन
फैल जाता
भर सिसकी सहसा
मन उसका
विवाह के पूर्व
की दुनिया में
पहुँच जाता
उसका परिचय ही
उसका लेखन था
जो त्यज दिया था स्वयं
गृहस्थी की डोर संभालते ही
फिर नही देखा था
पलटकर भी
बहुत दूर चली आयी थी
भूलकर सब कुछ
बस अपनी गृहस्थी में
समाई थी

देखती थी संगी साथियों को
ऊँचाइयों पर जब भी
कितना पिछड़ा पाती
खुद को उस दौड़ में
कचोटता  भी
कभी कभी
पर कर्तव्य सदा
सर्वोपरि रहे
बाकी सब भूल गयी।

आज जब हुई मुक्त
उन उत्तरदायित्वों से
जुटाई हिम्मत
फिर कलम उठाने की
तो महसूस किया
उम्र के इस पड़ाव पर
जिस निशान से
भी वह दौड़ेगी
हरदम पीछे ही
 दौड़ना होगा

पर वह हारी नही
लगाई एड़
फिरसे हिम्मत को
अपने लेखन को फिर पहचान दी
सराहा अपनों ने
गैरों ने भी तारीफ की
बुझती लौ
फिर जी उठी

पर जो सबसे प्यारा था
उसका लेखन उसे
नहीं सुहाया
लेखन उसका,
फिर धीरे धीरे
आँख की किरकिरी सा
उभर आया

फिर आरोप, प्रत्यारोपों
को खेल हुआ
एक एककर
कमियों का उसकी
दौर चला
ठीकरा
हर बार
उसके लेखन के
 सिर ही फूटा

भूल कर्तव्य
व्यर्थ जज़्बातों में उलझी हो
किसी मकाम पे
नही पहुँच पाओगी
चाहो इस उम्र में
दौड़ जीतना तुम
किसी सूरत से
न जीत पाओगी
हार की चोट से अलबत्ता
मायूसी के खोह में
गुम हो जाओगी

उठती हर बार
फिरसे गिरती है
अपनी कमियों को
दूर करती है
वह जो कुछ पल
अकेले मिलते हैं
उसी में भावों को
मुखर करती है

 छोड़ो रोना यह
अबला नारी का
मानो आभार
जो नेमतें
बरसतीं हैं
तुम्हें रुतबा मिला
जो इस घर में
सारी दुनिया 
तरसती है

फिर कहता हूँ
जो मिला है उसकी कद्र करो
अपनी खुशियों को यूँ
तबाह न करो
झूठी वाह वाहियों में
कुछ नही रखा
सच को जानो
आभास से बाहर निकलो

तैरना जाने तब ही इंसान को
गहरे पानी का रुख करना है
वरना किनारों पर खड़े होकर
लौटती  मौजों को ही तकना है।
अब भी कहता हूँ
छोड़ो पागलपन
घर की खुशियों को फिर
सँवारो तुम
बँद करके यह लेखन वेखन
मुझको मेरे घर को ही
संभालो तुम।

सरस दरबारी


Wednesday, January 8, 2020

मॉर्निंग वॉक- एक सुरक्षित भविष्य



जीवन में चलते चलते कभी कुछ दिखाई दे जाता है, जो अचानक दिमाग में एक बल्ब जला देता है , एक विचार कौंधता है, जो मन में कुनमुनाता रहता है, जब तक उसे अभिव्यक्ति के रूप में निकास नहीं मिल जाता।
उन कुनमुनाते विचारों को पाठकों के समक्ष रखने का प्रयास है हमारे ब्लॉग merehissekidhoop-sarasblogspot.in की यह कड़ी,‘मॉर्निंग वॉक’. 

कुछ ही दिन पहले की बात है। पतिदेव और हम हमेशा की भांति अपनी अपनी स्पीड से चले जा रहे थे। इसमें हम किसी और से नहीं स्वयं से ही कोंपीट करते हैं। कल यह पड़ाव 12 मिनट, 14 सेकंड में पूरा किया था, आज कोशिश करेंगे कुछ सेकंड और कम हो जाएँ। बस अपने आपसे ही प्रतिस्पर्धा करते हुए, हम रोज़ एक निश्चित दूरी तै, कर पसीने में लथपथ, लौट आते हैं।

हाँ तो हम कह रहे थे, कि हम अपना रूटीन वॉक कर रहे थे, तभी परली सड़क से एक आवाज आई, “आप हमको चुराने आए हो।” उस तरफ देखा, दो प्यारी प्यारी बच्चियों किलकारियों मारती हुई फुटपाथ पर नाइट सूट पहने  दौड़ लगा रहीं थीं। उम्र यही कोई 4 या 5 साल। उन्हीं के पीछे पीछे एक सज्जन बाइक पर धीरे धीरे चले आ रहे थे। ज़ाहिर है, उन्हें टहलाने लाए थे। वह बच्चियाँ थोड़ा दौड़तीं, फिर रुक जातीं, हँसती, पलटकर उस व्यक्ति से पूछती , “ आप हमें चुराने आए हो, वह इंसान जो उनका साथ था, हँसकर कहता “हाँ”, और वह फिर खिल खिलाकर दौड़ जातीं। आगे जाकर फिर रुक जातीं। हमारा ध्यान उन्हीं पर लगा था। हम आगे निकल आए, पर दिमाग में तो कीड़ा घुस चुका था, उसे कैसे निकलते। रास्ते भर एक ही बात...!
कितना मासूम सा खेल था, पर संकेत भयावह। हम जिस समाज में आज जी रहे हैं, एक डर, एक खतरा हमारे सिर पर मँडराता रहता है। आए दिन कभी बच्चे गायब होने की खबरें, कभी मासूमों पर होते अत्याचार, बलात्कार की खबरें। बच्चे जब तक घर नहीं लौट आते तब तक एक अंजाना भय मन को घेरे रहता है। कैसे समाज में जी रहे हैं हम । हमारा यह डर इन मासूमों की सोच, उनकी मानसिकता पर भी पड़ रहा है। उसकी विभीषिकाओं से वे अंजान हैं पर यह सोच किस कदर दिमाग पर हावी हो गई है। कि उन्होने इसे एक खेल बना लिया था।
“तुम हमें चुराने आए हो”...!
बड़े जो बोलते हैं, समझाते हैं, उसकी पैठ कितनी गहरी हो चुकी है उनके भीतर।
घर लौट आने पर मन बहुत देर तक विचलित रहा। यह एक ऐसी दुविधा थी, जिसका हल खोजना अनिवार्य हो गया है। एक सुरक्षित भविष्य हमारे बच्चों का अधिकार है, और जो देना , हम अभिभावकों का दायित्व है।
कैसे, यह हमीं को सोचना है। परिस्थितियों से उन्हें आगाह करना भी ज़रूरी है, और महफ़ूज रखना भी।  



Thursday, January 2, 2020

विदा 2019

जा रहे हो दिसंबर..!
आओ
तुम्हें अंतिम बार गले लगा लूँ
निभ न सके जो वादे
उनका गम भुला दूँ
की जो गलतियाँ
उनपर ज़रा पछता लूँ
जो सुख के क्षण बिताए
उन्हें फिर दोहरा लूँ
जो पाए थे ज़ख्म
उनपर मलहम लगा लूँ
रिश्तों के कर्ज
एक एककर चुका दूँ
जी भरकर तुम्हें मना लूँ
आओ दिसंबर
आखरी बार
तुम्हें गले लगा लूँ
आओगे नव वर्ष में
फिर एक नए रूप में
नई खुशियाँ
नई उम्मीदें होंगी
तुम्हारी धूप में
एक नए आत्मविश्वास के साथ
उन सभी को पाऊँ
एक नई सुबह के साथ
उनके पाश में समाऊँ
चलते चलते तुम्हें
बस आखरी बार
क्षमा याचना कर भूलों की
जी भर कर गले लगा लूँ

समय भला किसी के रोके से रुका है कभी। यह वर्ष भी बीत गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी कुछ संकल्प किए हैं। उनमें से एक है, नियमित ब्लॉग लिखना। लेखन की शुरुआत हमने ब्लॉग से ही की थी, पर धीरे धीरे सोश्ल मीडिया पर इतना रम गए, कि ब्लॉग को ही भूल बैठे। आज अपनी गलती का एहसास हो रहा है, और एक बार फिर हमने ब्लॉग की तरफ अपना रुख कर लिया है। 

Wednesday, October 9, 2019

‘अहम्’– क्या अब भी ज़रूरी है ?



कुछ दिन पहले एक समाचार पढ़ा . एक नव दंपत्ति के बीच एक छोटीसी समस्या को लेकर बहस हो गयी. पत्नी चाहती थी की घर के कामों के लिए एक नौकरानी रख ले और पति इससे सहमत न था . बात इतनी बढ़ी की दोनों में तलाक की नौबत आ गयी. इतने पर भी वे दोनों नहीं चेते, बस अपने अपने अहम् को पोसते रहे. अंतत: प्रेम ,तर्क और समझदारी को हराकर, अहम् जीत गया ...! दोनों में तलाक हो गया  ...इतनी छोटीसी बात पर तलाक....! कितना हास्यास्पद लगता है यह...!!!
लेकिन क्या यह बात इतनी छोटी है जितना कि प्रतीत हो रही है. लड़ाई का मुद्दा तो बहुत छोटा था जिसे बड़ी सहजता से सुलझाया जा सकता था. कोई भी लड़ाई अगर सिर्फ मुद्दे की लड़ाई हो तो उसका हल निकाला जा सकता है. पर अक्सर लडाइयाँ मुद्दे से हटकर ‘अहम्’ की लड़ाई बन जातीं हैं. अगर ठन्डे दिमाग से सोचिये तो आपको खुद एहसास होगा की वह लड़ाई जिस वजह से छिड़ी थी वह वजह तो बहुत पीछे छूट चुकी थी और अब यह केवल एक अहम् की लड़ाई रह गयी थी, जहाँ दोनों में से कोई झुकने को तैयार नहीं था. और जब कोई भी लड़ाई, अहम् की लड़ाई बन जाती है तो सारे तर्क, सारे रिश्ते, सारी भावनाएँ गौण हो जाती है बस रह जाता है एक अहम् जिसकी ‘जीत’ सर्वोपर्री हो जाती है. तब सब कुछ ताक़ पर रखकर व्यक्ति के लिए उसका जीतना हर हाल में ज़रूरी हो जाता है. और ऐसे में न जाने कितने घर, कितने रिश्ते, कितनी सियासतें नेस्तनाबूत हो जाते हैं. दोस्त दुश्मन बन जाते हैं, भाइयों में फूट पड़ जाती है, बच्चे माता पिता से विलग हो जाते हैं. और जब यह लड़ाई पति पत्नी के बीच आ खड़ी होती है और दोनों में से कोई भी झुकने को तैयार नहीं होता तो न जाने कितने जीवन एक ही झटके में तबाह हो जाते हैं और सबसे बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ता हैं बच्चों को. अगर पराश्रित हों तो और भी ज्यादा. वह मासूमों से उनका बचपन , युवाओं से उनके सपने और वृधाश्रित माता पिता से उनका का आखरी सहारा छीन लेते हैं. दो परिवारों के बीच की इस नींव को मजबूती सिर्फ इन दोनों का साथ, सहिष्णुता, और आपसी समझदारी ही दे सकती है. तो फिर क्यों न अहम् को ताक़ पर रखकर भुला दें?
आज हम अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर डरे सहमे रहते हैं. जब तक वह घर नहीं आ जातीं, मन अनजानी आशंकाओं से घिरा रहता है. और उनके आने में थोडासा भी विलम्ब, ऐसी संभावनाओं के मक्कड़ जाल में मन को जकड लेता है जो दुश्मन के मन में भी नहीं उठती होंगी. आज भी पुरुषों का एक वर्ग ऐसा है जो समाज में औरत की बढ़ती साख को पचा नहीं पा रहा. युवतियों का इतनी आज़ादी से , निडर हो, घर से निकलना उन्हें नहीं सुहा रहा . कहीं उन्हें अपना वर्चस्व छिनता सा महसूस होने लगता है. औरतों का स्वाबलंबन, स्त्री सशक्तिकरण, उन्हें अपने अहम् पर एक तमाचा सा लगता है, जो उन्हें कतई बर्दाश्त नहीं. नतीजतन, अपना ‘चुटहिल’ अहम् लेकर वह निकल पड़ते हैं, अपनी भड़ांस निकालने. यह अहम् की लड़ाई नहीं तो और क्या है ? एक पुरुष का अहम् –जिसका आये दिन समाज की युवतियाँ शिकार हो रही है, कभी एसिड अटैक, कभी बलात्कार, कभी जिंदा जला देना ! ऐसी ऐसी घृणित दुर्घटनाएँ होतीं हैं की सभ्य पुरुष शर्म से गढ़ जायें. जबकि यह विकृत मानसिकता के पुरुष, योग्य और पर्याप्त दंड के अभाव में, निडर हो, नए नए शिकार खोजते रहते हैं. कितना तर्क विरुद्ध , कितना अविवेकपूर्ण है ‘अहम्’. फिर क्यों हम अहम् को पालें?
अपना धर्म हर किसी को प्रिय होता है और हर धर्म एक ही भाषा बोलता है, प्यार की भाषा, भाई चारे की भाषा. तो धर्म का अनुसरण करने वाले फिर खून खराबे पर क्यों  उतर आते हैं. धर्म की कोई भी किताब खोल लें, उसमें सहिष्णुता और प्रेम ही का पाठ मिलेगा, फिर कुछ धर्म के अनुयायी उसे इतना वीभत्स क्यों बना देते हैं. या की वे अपनी मान्यताओं, अपनी सोच को समाज पर थोपकर उसे धर्म का आवरण पहना, सिर्फ मनमानी करना चाहते हैं ? अपनी सोच पूरे समाज पर, पूरे विश्व पर थोपना चाहते हैं ? यह ‘अहम्’ नहीं तो और क्या है ? उनका अहम् किसी और धर्म को बीस कैसे होने दे सकता हैं. और जब यह अहम् विभिन्न धर्मों के बीच फन उठाता है, तो समाज में वह होता है जो सारी मानवजाति को खून के आँसू रुलाता है. बढ़ जाते है अराजकता, भय और आतंक. एक बार फिर मासूम बलि चढ़ते हैं, वही खून खराबे की कहानी, फिर दोहराई जाती है. और गूंजता रहता हैं अहम् का अट्टाहस, जब माएँ अपने शिशुओं को, रीती आँखों से आखरी बार नहलाती हैं, जब सुहागनें अपने हाथों की मेहँदी खुरच खुरच कर निकालती हैं, जब वृद्ध पिता जवान बेटों के शव को कन्धा देते हैं ..और रह जातीं हैं कभी न भूलने वाली तारीखें, कभी न सूखने वाले आँसू और कभी न भरनेवाले ज़ख्म..फिर चाहे वह ९/११ की यादें हों २६/ ११ की दहशत हो या पेशावर में हुए संहार की व्यथा हो.
.......कितना क्रूर है ‘अहम्’.
क्या फिर भी, अहम् को पोसना, आपको तर्कसंगत लगता है....?          

सरस दरबारी

Sunday, October 6, 2019

बिटिया मैके आय




देवी माँ का रूप धर, बिटिया मैके आय
तरस रहे जो दरस को ,देख देख अघाय

माटी की बिटिया सजी , पहन वस्त्र परिधान
अस्त्र शस्त्र से लैस , सजे  भाल अभिमान

जब तक रहती देहरी , पर्व मने दिन रात
खुशियाँ सब वाचाल हों , दुख हो भूली बात

जब विदाई की बेला , द्वार खड़ी हो जाय
कटता जाये हर जिया , घर में मातम छाय

बरसों की इस रीत को  कोई बदल न पाय
दो दिन बिटिया संग रह,लौट ससुर घर जाय
 
माटी से जीवन मिला , श्रद्धा प्राण जिलाय 
माटी की है देह यह,  माटी में मिल जाय     

सरस दरबारी



यक्ष प्रश्



सन 2040
राहुल स्कूल जाने के लिए तैयार हो रहा था।
“अरे बेटा अपनी नरिशमेंट पिल्स रख लीं।”
“हाँ माँ”
“और मास्क...!”
“हाँ माँ रोज़ वही सवाल। घर से बाहर जा रहा हूँ। साँस इतनी फूलती है, उसके बिना एक कदम नहीं चल पाऊँगा।”
“जानती हूँ बेटा, इसका महताव जानती हूँ इसीलिए तो एहतियातन पूछ लेती हूँ”, माँ ने मायूसी से जवाब दिया।  
राहुल अपनी उड़न तश्तरी के आकार के शटल में स्कूल पहुँच गया।
“सुनो बच्चों आज तुम्हें कुछ दिखाना है,” कहकर उनकी मैम ने एक तीन आयामी चित्र प्रक्षेपित किया।  
एक अचंभित स्वर क्लास में गूँज गया। बच्चे फटी आँखों से उस खूबसूरत दृश्य को देख रहे थे। चारों तरफ हरियाली, मंद मंद बयार से पवन चक्कियों के विशाल पर घूम रहे थे। सुंदर हरे भरे स्वस्थ पेड़, क्यारियों में करीने से सजे रंगीन फूल, मीलों फैली हरियाली। शुभ्र चमकते स्वच्छ मकान और आकाश की आभा तो देखते ही बनती थी। धुला हुआ नीला आसमान जहाँ बादल रुई के फायों से हल्के हो चहलकदमी कर रहे थे।
मैम ने मुस्कुराकर देखा, बच्चे खुले मुँह और फटी आँखों से यह तस्वीर देख रहे थे । तभी राहुल बोला,
“यह क्या है मैम, इतनी खूबसूरत ...! पहले कभी नहीं देखी...!”
“यह वही धरती है, जहाँ हम रहते हैं।”
 “क्या...! मैम, पर यहाँ तो ऊँची ऊँची चिमनियाँ हैं, जहाँ से मैले , बदबूदार धुएँ के बादल निकलते हैं। और आसमान में इस कदर छाए रहते हैं,कि सूरज की रोशनी भी हम तक नहीं पहुँच पाती। इस माहौल में दम घुटता है। खुलकर साँस तो लेने की तो सोच ही नहीं सकते। हम मान ही नहीं सकते , यह खूबसूरत दृश्य हमारी इसी पृथ्वी का है। क्या वाकई मैम....!”
“हाँ बच्चों हमारी शस्य श्यामला धरती ही है यह, जहाँ हम सब रहते हैं। धरती के पास इतनी धरोहर थी, कि सभी संतुष्ट होकर रह सकते थे । पर हमारे लालच का पेट वह नहीं भर सकी। मानव स्वार्थी हो गया। और, और के लालच में, पृथ्वी के प्रकृतिक संसाधनों का दोहन करता रहा। वायु, जल, आकाश सब कुछ दूषित कर दिया। आज अपनी आनेवाली पीढ़ियों को विरासत में यह धरती दे दी , जिसपर हम रहते हैं। पूरी तरह नष्ट करके।
बच्चे सभी उदास थे।
“मैम क्या यह अब पहले जैसी नहीं हो सकती”
मैम ने पहले उस सुंदर पृथ्वी की ओर नज़र भर कर देखा और फिर खिड़की के बाहर झाँकने लगीं। कल कारखानों की ऊँची चिमनियों से निकलते काले घने धुएँ के बादल, नालों में बहता रसायन, कंक्रीट का फैला अथाह जंगल, रंग विहीन दुनिया, जहाँ नाम को भी हरियाली नहीं थी। क्लास में बच्चों के आगे रखे उनके गॅस मास्क। मैम चुप थीं।
हवा में राहुल का प्रश्न लहरा रहा था।

सरस दरबारी